केंद्रीय मंत्री संजय सेठ आज करेंगे इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ शिविर का उद्घाटन, 62 दिव्यांगों को लगेगा हाथ,पुणे से पहुंचे विशेषज्ञ


दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ी पहल के तहत रोटरी क्लब ऑफ रांची द्वारा निशुल्क इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन 24 फरवरी को रोटरी भवन, रांची में किया जाएगा। इस शिविर का उद्घाटन प्रातः 10.30 बजे मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ करेंगे। शिविर में लगभग 62 दिव्यांगजनों को अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ लगाए जाएंगे। यह पूरी तरह निःशुल्क होगी।
क्लब के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि इस शिविर के लिए राज्यपाल संतोष गंगवार से भी मुलाकात करते हुए उनसे शिविर में पहुंचने का आग्रह किया गया है। राज्यपाल से मिलने वालों में अध्यक्ष के अलावा जशदीप सिंह, गिरीश अग्रवाल, प्रवीण राजगढ़िया शामिल थे।
असिस्टेंट गवर्नर रोटरी इमेज प्रवीण राजगढ़िया ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का उद्देश्य उन लोगों को आधुनिक तकनीक की सहायता से नया जीवन देना है, जिन्होंने दुर्घटना, बीमारी या अन्य कारणों से अपना हाथ खो दिया है। इस शिविर में झारखंड, बिहार, बंगाल, उड़ीसा, छत्तीसगढ़ से जरूरतमंद लोग पहुंच रहे हैं। इस शिविर के माध्यम से लाभार्थियों को न केवल शारीरिक सहारा मिलेगा, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और वे सामान्य जीवन जीने में सक्षम बन सकेंगे। शिविर के लिए इनाली फाउंडेशन की विशेषज्ञ टीम पुणे से रांची पहुंच चुकी है। टीम लाभार्थियों की विस्तृत जांच, माप, परीक्षण और फिटिंग की पूरी प्रक्रिया आधुनिक उपकरणों की सहायता से सम्पन्न करेगी। प्रत्येक लाभार्थी की शारीरिक स्थिति के अनुरूप कृत्रिम हाथ तैयार कर लगाया जाएगा, ताकि उन्हें अधिकतम सुविधा और कार्यक्षमता मिल सके। ये इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ आधुनिक सेंसर और मांसपेशीय संकेतों से संचालित तकनीक पर आधारित होते हैं। इनकी सहायता से उपयोगकर्ता वस्तुओं को पकड़ना, उठाना और कई दैनिक कार्य आसानी से कर सकते हैं। शिविर को सफल बनाने में क्लब के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय हैं।








