नगर निकाय चुनाव विकास और उपलब्धियों के आधार पर लड़ेगी कांग्रेस: आलोक कुमार दुबे


जो बेहतर किया है, उसे और बेहतर करेंगे: आलोक कुमार दुबे
शहरी विकास की निरंतरता के लिए कांग्रेस जनता के बीच जाएगी: आलोक कुमार दुबे
नगर निकाय चुनाव सकारात्मक एजेंडे पर होंगे: आलोक कुमार दुबे
विकास, विश्वास और भविष्य की योजनाओं के साथ कांग्रेस मैदान में: आलोक कुमार दुबे
रांची।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में होने वाले नगर निकाय और नगर परिषद चुनावों को पूरे आत्मविश्वास और पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चुनाव कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए कार्यों, शहरी विकास की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के आधार पर जनता के बीच जाएगा।
आलोक कुमार दुबे ने कहा कि वर्तमान में हमारी सरकार के कार्यकाल में शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में लगातार काम किया गया है। सड़कों, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य सेवाओं और शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से पहल की गई है। उन्होंने कहा कि जहां सुधार हुआ है, उसे और बेहतर किया जाएगा और जहां आगे काम की जरूरत है, वहां सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नकारात्मक राजनीति में विश्वास नहीं करती। नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस जनता के बीच अपने काम, अपनी नीतियों और अपने विज़न के साथ जाएगी। यह चुनाव विकास की निरंतरता, बेहतर शहरी प्रशासन और जवाबदेह स्थानीय सरकार के संकल्प का चुनाव होगा।
आलोक कुमार दुबे ने कहा कि नगर निकाय लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और कांग्रेस का मानना है कि मजबूत नगर निकाय ही मजबूत राज्य की नींव रखते हैं। इसी सोच के साथ पार्टी शहरी नागरिकों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए आगामी योजनाओं का रोडमैप जनता के सामने रखेगी।
रांची नगर निगम चुनाव में मेयर पद की सीट के लिए अब तक कई नामांकन पत्र खरीदे जा चुके हैं, और कुल मिलाकर 16 से अधिक उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं। चुनाव प्रचार और जनसंपर्क इसी माह जोरों पर है। जनता और स्थानीय सामाजिक समूह दोनों ही उम्मीदवारों से जुड़े वादों और योजनाओं पर नजर बनाए हुए हैं। चुनाव परिणामों के बाद डिप्टी मेयर और अन्य पदों के लिए भी चुनाव होंगे, जिनकी प्रक्रिया 17 से 27 मार्च के बीच तय होने की संभावना जताई जा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जो वादे किए, उन्हें पूरा करने की दिशा में ईमानदार प्रयास किए हैं और आने वाले समय में शहरी विकास को नई गति दी जाएगी। नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस जनता से फिर एक बार भरोसा मांगेगी, ताकि विकास की इस प्रक्रिया को और आगे बढ़ाया जा सके।








