अंजुमन इस्लामिया रांची चुनाव 2025


देहि क्षेत्रों में स्पॉट वेरिफिकेशन लगभग पूरा, शहर में प्रक्रिया शुरू, अवाम से सहयोग की अपील

अंजुमन इस्लामिया रांची चुनाव 2025 के लिए सदस्यता फ़ॉर्म जमा होने के बाद अब एक बहुत ही महत्त्वपूर्ण और संवेदनशील चरण जाँच (स्क्रूटनी) और स्पॉट वेरिफिकेशन चल रहा है।
देहि क्षेत्रों में स्पॉट वेरिफिकेशन का काम लगभग पूरा हो चुका है। सिर्फ कुछ फ़ॉर्म में और जाँच की आवश्यकता है। हटिया, हेसाग, पुंदाग, नयासराय, सपारोम, ढीपाटोली, इलाही नगर, धुर्वा, सीठियो, सिलादोन, बरियातु, बड़ागायं, एदलहातु, मोराबादी, खिजुर टोला, डुमरदगा, डीपाटोली और कांके के सभी इलाकों में यह काम पूरा कर लिया गया है।
जाँच के आधार पर ड्राफ्ट सूची तैयार करने का काम भी जारी है। जहाँ से भी सदस्यता फ़ॉर्म जमा हुए हैं, चुनाव कार्यालय की टीम लगभग हर बस्ती और मोहल्ले में पहुंचकर लोगों से मिल रही है और उनकी जानकारी की पुष्टि कर रही है। इससे लोगों में विश्वास, संतोष और उम्मीद दिख रही है।
अब शहरी क्षेत्रों के पाँच हल्कों कर्बला चौक, कांटा टोली, हिंदपीढ़ी, डोरंडा और कडरू में स्पॉट वेरिफिकेशन शुरू किया जा रहा है। स्पॉट वेरिफिकेशन से पता चलता हे की कौन सही सदस्य है, किसकी जानकारी सही है और किसका नाम सदस्य सूची (मुन्तजिमा) में शामिल होना चाहिए। यह प्रक्रिया इसलिए भी जरूरी है ताकि आने वाले समय में चुनाव पूरी पारदर्शिता (शफ़्फ़ाफ़ियत) से हो सके, और सदस्य सूची में कोई ग़लत या अयोग्य नाम शामिल न रहे। केवल वही लोग सदस्य बनें जिन्होंने नियमों के अनुसार फ़ॉर्म भरा है। इससे आगे चलकर किसी प्रकार का विवाद, आपत्ति या गलतफहमी पैदा नहीं होगी। रांची के सभी बुजुर्गों, युवाओं, जिम्मेदार नागरिकों और अंजुमन के चाहने वालों से विनम्र अपील है की यदि आपके क्षेत्र में किसी ने फॉर्म भरा है, तो कृपया उसकी जानकारी की पुष्टि में हमारी मदद करें। यदि चुनाव कार्यालय की टीम आपके मोहल्ले या घर आती है, तो पूरा सहयोग दें और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएँ। दूसरों को भी सहयोग करने के लिए प्रेरित करें। यदि आपको पता चले कि किसी ने गलत जानकारी देकर सदस्य बनने की कोशिश की है, तो चुनाव कार्यालय को खुले या गुप्त रूप से सूचित करें। यह किसी से मुखालिफत नहीं है, बल्कि एक सामुदायिक अमानत की रक्षा है। अपने क्षेत्र के लोगों को बताएँ कि यह चरण चुनाव की पारदर्शिता और मजबूती के लिए बेहद महत्त्वपूर्ण है। आपके सहयोग से सदस्य सूची सही और मजबूत बनेगी, चुनाव आदर्श बनेगा, अनावश्यक विवाद समाप्त होंगे और समाज में एकता व विश्वास बढ़ेगा। अंजुमन हमारा सामूहिक संस्थान और हमारी पहचान है। इसलिए स्पॉट वेरिफिकेशन केवल चुनाव कार्यालय का काम नहीं, बल्कि हम सबकी साझा ज़िम्मेदारी है। आइए, हम सब मिलकर इस प्रक्रिया को सफल बनाएँ, सही जानकारी दें और अंजुमन इस्लामिया रांची के चुनाव को एक आदर्श, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव बनाएँ।
अल्लाह से दुआ है कि वह हमारी कोशिशों को कबूल करे और अंजुमन इस्लामिया रांची को तरक्की दे।
(मुफ़्ती) मोहम्मद अनवर कासमी कन्वेनर चुनाव 2025, अंजुमन इस्लामिया रांची








