All India NewsBlog

आशा संस्था की पहल: प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को मिली सिलाई मशीन और प्रमाण पत्र

Share the post

महिलाओं का आत्म निर्भर बनना पूरे गांव समाज का आत्म निर्भर बनने के बराबर – पूर्व मंत्री बंधु तिर्की

इटकी। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से आशा संस्था की ओर से सराहनीय पहल की गई। संस्था द्वारा आयोजित तीन माह के सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली महिलाओं के बीच गुरुवार को एक कार्यक्रम आयोजित कर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की द्वारा सिलाई मशीन और प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इस पहल से महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने आशा संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को हुनरमंद बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सिलाई जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण से महिलाएं अपने कौशल का उपयोग कर रोजगार प्राप्त कर सकती हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे सीखे गए हुनर का सदुपयोग करें और स्वरोजगार के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाएं। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की ऐसी पहल समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

आशा संस्था की ओर से आयोजित तीन माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं को सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें सिलाई मशीन और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, ताकि वे अपने हुनर को रोजगार से जोड़ सकें। सिलाई मशीन मिलने से महिलाओं को घर से ही काम शुरू करने और आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर अजय कुमार जायसवाल ने आशा संस्था के उद्देश्यों, गतिविधियों और सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं के कौशल विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संस्था की भूमिका पर प्रकाश डाला।

आशा संस्था की इस पहल को महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सिलाई मशीन और प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाली महिलाओं के लिए यह पहल आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ने का नया अवसर साबित हो सकती है।
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया रमेश महली,संस्था के अध्यक्ष पुनम टोप्पो, राजन किस्पोट्टा, नैयर मुमताज़,अब्बास अंसारी, फ्रांसिस्का केरकेट्टा, अबरार ईमाम, मुखिया विनय उरांव, रीता देवी, लखन लकड़ा, मास्टर अली हसन, अजय गोप,शिशु गोप, आरिफ़ अंसारी, अंकित जयसवाल, अनिल खलखो, फ़िरदौस आलम, शीला कुमारी,किरण बाड़ा, प्रीति कुमारी, अरुण कुमार, गीतांजलि कच्छप, बहमनी, जोवाना, रुकसाना, रिंकू टोप्पो, सरिता अंजनि, ऐमन, फरजाना, शम्मा सहित अन्य लोग शामिल थे

Leave a Response