असम के सोनितपुर में जेएमएम की राजनीतिक गतिविधियां तेज, मंत्री हफीजुल हसन के नेतृत्व में हिदायतुल्लाह खान समेत कई नेताओं की मौजूदगी


एकता और जनसंपर्क अभियान को मिली नई गति
असम: असम के सोनितपुर जिले के रंगापाड़ा विधानसभा क्षेत्र में आज झारखंड से आए एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न इलाकों का दौरा कर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों को नई गति दी। इस दौरे का नेतृत्व झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने किया। उनके साथ झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान, आयोग के उपाध्यक्ष प्रवीण सलोमन, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के वरिष्ठ नेता कारी बरकत अली, बैरिस्टर फर्दीन इम्तियाज अहमद, यासीन खान, बंटी खान समेत कई महत्वपूर्ण हस्तियां मौजूद थीं।
इस दौरान क्षेत्र में राजनीतिक माहौल काफी सक्रिय नजर आया, जहां जेएमएम और जय भारत पार्टी के संयुक्त उम्मीदवार मैथ्यू टोप्पो के समर्थन में बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सोनितपुर जिले में जेएमएम और जय भारत पार्टी के क्षेत्रीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी ने इस कार्यक्रम को और भी महत्वपूर्ण बना दिया।

दौरे के दौरान मंत्री हफीजुल हसन और उनकी टीम ने क्षेत्र के कई चाय बागानों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां काम करने वाले आदिवासी मजदूरों से सीधे बातचीत कर उनके समस्याओं और जीवन स्थितियों को समझने की कोशिश की। मजदूरों ने अपनी रोजमर्रा की कठिनाइयों, मजदूरी, स्वास्थ्य सुविधाओं और आवास से जुड़े मुद्दे प्रतिनिधिमंडल के सामने रखे।
मंत्री ने मजदूरों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है।
इस दौरे को आने वाले राजनीतिक हालात और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में जेएमएम के बढ़ते प्रभाव के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इस कार्यक्रम ने कार्यकर्ताओं में उत्साह पैदा किया है और एकता की स्थिति को मजबूत करने का संकेत दिया है।








