जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में नौशीन खान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन


हिदायतुल्लाह खान के नेतृत्व में जोरदार जनसंपर्क अभियान
बुजुर्गों का आशीर्वाद, युवाओं का उत्साहपूर्ण साथ
जमशेदपुर: झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हाजी हिदायतुल्लाह खान ने अपनी पत्नी जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की उम्मीदवार नौशीन खान के समर्थन में एक व्यापक और भावनात्मक जनसंपर्क अभियान चलाई। इस अभियान ने पूरे क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों में नई ऊर्जा भर दी है।
आज के जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ पुरानी बस्ती रोड स्थित पप्पू होटल के समीप किया गया, जहाँ स्थानीय निवासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न क्लबों के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं—सफाई व्यवस्था, सड़कों की खराब स्थिति, पेयजल आपूर्ति तथा युवाओं के लिए रोजगार और अवसर जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। हाजी हिदायतुल्लाह खान ने जनता को आश्वस्त किया कि जुगसलाई का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके पश्चात अभियान ने घर-घर संपर्क का रूप ले लिया। कफील बिल्डिंग तथा हसीबुल्लाह चाचा के आवास के आसपास विशेष रूप से डोर-टू-डोर अभियान चलाया गया। इस दौरान हिदायतुल्लाह खान ने बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा, उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और युवाओं से मिलकर उनके उत्साह की सराहना की।
स्थानीय बुजुर्गों ने नौशीन खान के समर्थन में अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र को ऐसी नेतृत्व क्षमता की आवश्यकता है जो लोगों की समस्याओं को समझे और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य करे। वहीं युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लिया। विभिन्न युवा क्लबों के सदस्यों ने क्षेत्र के विकास में अपना सहयोग देने का आश्वासन दिया। युवाओं का कहना था कि अब समय आ गया है कि जुगसलाई को नई सोच और स्वच्छ नीयत वाली नेतृत्व शक्ति मिले।
इस अवसर पर नौशीन खान ने जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए कहा कि मुझे जुगसलाई के लोगों से जो स्नेह, विश्वास और समर्थन मिल रहा है, मैं उसे कई गुना लौटाने का प्रयास करूंगी। मेरा सपना है कि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र विकास, स्वच्छता, शिक्षा और आपसी सद्भाव के मामले में पूरे झारखंड में अग्रणी बने।
उन्होंने आगे कहा कि उनकी संघर्ष यात्रा किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि पूरे जुगसलाई के लिए है जहाँ हर गली रोशन हो, हर घर तक मूलभूत सुविधाएँ पहुँचें और समाज में एकता व भाईचारे का वातावरण स्थापित हो।
क्षेत्र की जनता का उत्साह, बुजुर्गों का आशीर्वाद और युवाओं की सक्रिय भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि यह चुनावी अभियान केवल राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि जनविश्वास का एक सशक्त आंदोलन बनता जा रहा है। जुगसलाई की गलियों में इस समय एक ही संदेश गूंज रहा है—विकास, विश्वास और सेवा का यह सफर अब रुकने वाला नहीं।








