सशक्त लोकतंत्र के लिए मताधिकार का उपयोग अवश्य करें : तुषार कांति शीट


रांची। शहर के जाने-माने समाजसेवी और श्रीरामकृष्ण सेवा संघ के सहायक सचिव तुषार कांति शीट ने कहा कि नगर-निकाय चुनाव में मतदाता अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का उपयोग करें।
साफ-सुथरी छवि और जन समस्याओं के प्रति सक्रिय रहने वाले जनप्रतिनिधि को चुनें।
श्री शीट ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि यह चुनाव सिर्फ प्रतिनिधि चुनने का अवसर मात्र नहीं, बल्कि अपने शहर और वार्ड के सर्वांगीण विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
महापौर और पार्षद ऐसे हों जो ईमानदार, कर्मठ और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील हों। उनकी छवि बेदाग हो। जिनमें प्रशासनिक कार्यों की समझ,नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के साथ काम करने का जज्बा हो।
श्री शीट ने कहा कि नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराना है। स्वच्छ पेयजलापूर्ति, नियमित कचरा प्रबंधन, सड़कें, व नालियां, स्ट्रीट लाइट, पार्क एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रति सकारात्मक पहल जनप्रतिनिधियों का दायित्व है।
मतदाताओं को उम्मीदवार की पृष्ठभूमि, उनकी कार्यशैली, सामाजिक सहभागिता और छवि का आकलन करने की जरूरत है। श्री शीट ने कहा कि जाति,धर्म व व्यक्तिगत संबंधों से ऊपर उठकर स्वच्छ और समृद्ध समाज के नवनिर्माण के लिए अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें।
उन्होंने 23 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की।








