Sunday, September 8, 2024
Ranchi News

सहारा इंडिया में निवेशकों के फंसे पैसे जल्द वापस करे सरकार : सुबोधकांत सहाय

वरीय संवाददाता
रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने सहारा इंडिया में जमाकर्ताओं के फंसे पैसों को यथाशीघ्र वापस करने की मांग की है। श्री सहाय ने कहा कि सहारा इंडिया में निवेश करने वाले अधिकतर लोग निम्न आय वर्ग से हैं। बड़ी मशक्कत से अपने आमदनी में से कुछ रुपए निकाल कर भविष्य के लिए जमा किया, लेकिन उनकी जमा राशि पर ग्रहण लग गया।
उन्होंने कहा कि भाजपानीत केंद्र सरकार की नीति और नियत साफ नहीं है। केंद्र सरकार चाहे तो सहारा इंडिया की संपत्ति को अपने कब्जे में लेकर ही उसे बिक्री कर निवेशकों के पैसे वापस कर सकती है। श्री सहाय मंगलवार को एचईसी परिसर स्थित पुराना विधानसभा मैदान में विश्व भारती जन सेवा संस्थान द्वारा आयोजित सहारा इंडिया में जमाकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार सहारा इंडिया द्वारा सेबी में जमा की गई राशि में से निवेशकों को पैसा लौटाए। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपानीत सरकार गरीब-गुरबों के पैसे पर कुंडली मारकर बैठी है। मोदी सरकार की नियत साफ नहीं है।
इस अवसर पर विश्व भारती जन सेवा संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष जनार्दन मिश्र, राष्ट्रीय सचिव नागेंद्र कुशवाहा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीत, संचय कुमार, अशोक राम, मणि भूषण, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार, रांची जिला अध्यक्ष विजय सिंह, मनोज यादव, अरविंद सहित काफी संख्या में सहारा इंडिया में निवेश करने वाले लोग मौजूद थे।

Leave a Response