All India NewsBlogJharkhand NewsRanchi JharkhandRanchi Jharkhand NewsRanchi News

छात्राओं ने विज्ञान-कला प्रदर्शनी में दिखाई प्रतिभा, साइंस समस्याओं का समाधान करने और नए अवसरों को खोजने में मदद करता है: आलम

Share the post

रांची: रांची माली टोला चौक हिंदपीढ़ी के ज़िक्रा अरेबिक स्कूल में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मक क्षमता विकसित करना था। इस प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं ने अपने मॉडलों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्काउड इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल शादान आलम ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें एआई रोबोट, इलेक्ट्रोलिसिस ऑफ वाटर, माइक्रोस्कोप, भारतीय त्योहार, ज्वालामुखी, मानव नेत्र, जल शुद्धिकरण प्रणाली, सोलर सिस्टम और रक्त परिसंचरण तंत्र जैसे आधुनिक व वैज्ञानिक मॉडल शामिल थे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली और वैज्ञानिक महत्व को सरल भाषा में समझाया। मुख्य अतिथि शादान आलम ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। मुख्य अतिथि ने छात्रों को सलाह देते हुए कहा, “कड़ी मेहनत, समर्पण, और उत्साह के साथ आगे बढ़ें। कभी हार न मानें और हमेशा नई चीजें सीखने के लिए तैयार रहें।

साइंस सिर्फ एक विषय नहीं है, यह एक दृष्टिकोण है। जो हमें समस्याओं का समाधान करने और नए अवसरों को खोजने में मदद करता है। विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए ऐसी गतिविधियां आवश्यक हैं। प्रयोग और मॉडल के माध्यम से सीखने से बच्चों की समझ मजबूत होती है। स्कूल के निदेशक हाफिज अबुल कलाम ने कहा कि वर्तमान युग विज्ञान और तकनीक का है। इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, मेहनत और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रदर्शन किया, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है। ज़िक्रा अरेबिक स्कूल में सीबीएसई पैटर्न पर दसवीं तक की पढ़ाई होती है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्शी सबा ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल किताबी ज्ञान से संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के साथ-साथ विज्ञान, कला और रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता से ही बच्चों की प्रतिभा निखरती है। विशिष्ट अतिथि मास्टर उस्मान, फ्रेंड्स ऑफ विकर्स सोसाइटी के तनवीर आलम, कमर सिद्दीकी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को व्यवहारिक, वैज्ञानिक और नवाचारी शिक्षा प्रदान करना है।प्रदर्शनी के दौरान उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने विद्यार्थियों के कार्यों को देखा। इस अवसर पर शिक्षक, शिक्षिकाएं सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Response