अंजुमन चुनाव पर जल्द फैसला लेंगे अंजुमन के अध्यक्ष


अंजुमन इस्लामिया चुनाव पर सस्पेंस, संयोजक के इस्तीफे के बाद आपात बैठक जल्द: मोख्तार
रांची, संवाददाता:
अंजुमन इस्लामिया, रांची के अध्यक्ष ने एक महत्वपूर्ण बयान जारी करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया सहित विभिन्न स्रोतों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 30 अप्रैल को राइन स्कूल, लेक रोड, रांची में आयोजित एक बैठक के दौरान चुनाव संयोजक मौलाना मुफ्ती अनवर कासमी ने अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है।
अध्यक्ष ने कहा कि इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के बाद उत्पन्न स्थिति पर संगठन के बायलॉज (नियमावली) के दायरे में गंभीर विचार-विमर्श करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से चुनावी प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है, जिससे मतदाताओं और प्रत्याशियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
इस पर चिंता व्यक्त करते हुए अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अंजुमन इस्लामिया, रांची के सभी ओहदेदारों और कार्यकारिणी सदस्यों की एक आपात बैठक शीघ्र ही बुलाई जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति और चुनावी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने पर निर्णय लिया जाएगा।
अध्यक्ष ने सभी संबंधित पक्षों से संयम बनाए रखने और संगठनात्मक एकता को प्राथमिकता देने की अपील भी की है।








