पीएम मोदी का बयान ओछी राजनीति का परिचायक: सुबोधकांत सहाय


रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस पार्टी के विरुद्ध असम की जनसभा में दिए गए एक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उन्होंने सोमवार को एक बयान में कहा कि पीएम मोदी द्वारा कांग्रेस पार्टी पर राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने का आरोप लगाना ओछी राजनीति व मानसिक दिवालियापन का परिचायक है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कांग्रेस पार्टी के विरुद्ध अनर्गल बयानबाजी कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। देश की जनता यह भलीभांति जानती है कि राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में किस राजनीतिक दल की संलिप्तता है?
श्री सहाय ने कहा कि भारत को अंग्रेजी हुकूमत से आजाद कराने में कांग्रेस पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कांग्रेस पार्टी ने ही देश में औद्योगिक क्रांति लाई। प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की दूरदर्शी सोच का ही परिणाम रहा कि देश में कई सार्वजनिक उपक्रमों की स्थापना की गई। जिससे भारत वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने में सफल हो सका। उद्योग-धंधों की स्थापना कर कांग्रेस पार्टी ने देश में रोजगार के अवसर सृजित किए। आजादी की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
राष्ट्र हित में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की शहादत को भुलाया नहीं जा सकता।
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री का पद ठुकरा दिया। यह देश के प्रति उनके समर्पण की मिसाल है। वहीं, दूसरी ओर भाजपा द्वारा हमेशा सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया जाता रहा है।
श्री सहाय ने कहा कि पीएम मोदी द्वारा देश के सार्वजनिक उपक्रमों को अडानी-अंबानी के हाथों सौंपने की साजिश की जा रही है। जनहित के मुद्दों को दरकिनार कर भाजपा सिर्फ सांप्रदायिक मुद्दों को आगे लाकर जनता को दिग्भ्रमित कर रही है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का यह कहना कि कांग्रेस पार्टी अवैध प्रवासियों को असम में बसाना चाहती है, सरासर गलत व बेबुनियाद है। भाजपा पहले अपने गिरेबान में झांके। पिछले दस वर्षों से केंद्र में भाजपा की सरकार है। इन दस वर्षों के दौरान अवैध प्रवासियों की संख्या में कितनी वृद्धि हुई? भाजपा को यह जनता के सामने सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों और हिंदू-मुस्लिम के मुद्दों को उछालने के अलावा भाजपा के पास और कोई मुद्दा नहीं रह गया है। वह सिर्फ सांप्रदायिक मुद्दों को लेकर अपना वोट बैंक मजबूत करना चाहती है।
श्री सहाय ने कहा कि हाल ही में रेल किराए में वृद्धि कर भाजपा ने आम जनता पर और अधिक आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा में रियायत, पत्रकारों को रेल यात्रा में रियायत को पीएम मोदी ने रद्द कर दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पर कीचड़ उछालने से पहले मोदी जी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
भारत में अवैध प्रवासियों का मुद्दा उछाल कर पीएम मोदी जनता को भरमाने में लगे हैं।








