संवैधानिक संस्थाओं का जमकर दुरुपयोग कर रही भाजपा : सुबोधकांत सहाय

विधायक के आवासीय कार्यालय पर मनाया गया संविधान दिवस

रांची।
भारतीय संविधान हमारे देश की आत्मा है। इसके अनुरूप अधिकार और कर्तव्यों का अनुपालन करना हर नागरिक का फर्ज है। उक्त बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने बुधवार को कांके विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश बैठा के आवासीय कार्यालय परिसर में आयोजित 75 वें संविधान दिवस के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि कही।
श्री सहाय ने कहा कि
यह सर्वविदित है कि भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
वर्ष 1949 में संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया।

यह दिन डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों के योगदान को याद करने का अवसर है।
संविधान की रक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का माध्यम है।
श्री सहाय ने कहा कि भाजपा द्वारा सभी संवैधानिक संस्थाओं को हाईजैक कर लिया गया है।
भाजपा अपने स्वार्थ के वशीभूत होकर संवैधानिक संस्थाओं का जमकर दुरुपयोग कर रही है।
कांग्रेस पार्टी ने देश के नागरिकों के मौलिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संविधान बचाने का संकल्प लिया है। इस अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी द्वारा राष्ट्रव्यापी मुहिम चलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि देश का निर्वाचन आयोग भी भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। आयोग की निष्पक्षता नहीं रह गई है। जनतांत्रिक पद्धति से चुनाव का रखवाला आज वोट चोर बन गया है।
इस अवसर पर कांके विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश बैठा ने समारोह में शामिल हुए प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, सभी विधायक प्रतिनिधि, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदधारी, कांके विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता महिला एवं युवा कांग्रेस के पदधारी और सभी कांग्रेस जनों का स्वागत किया। इस अवसर पर इंदिरा देवी, रीता चौधरी, शमीम बड़ेहार, अर्जुन बैठा, संजर खान, ऐनुल हक अंसारी, संजू देवी, साबिर अंसारी, राजेश सिंह मिंटू, गौरी शंकर महतो, मो.बशीर, गोपाल सिंह, अरुण मिश्रा पप्पू, संगीता बेग, आलोका कुजूर सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।








